क्या 100 करोड़ की हैट्रिक लगाएंगे आयुष्मान खुराना? इस शुक्रवार रिलीज हो रही ‘पति पत्नी और वो दो’

Will Ayushmann Khurrana strike a hattrick? Photo- X

मुंबई। Ayushmann Khurrana Hattrick At Box Office: आयुष्मान खुराना ने बॉलीवुड में अपनी जगह ऐसे कलाकारों में बना ली है, जिन्हें बॉक्स ऑफिस पर भरोसेमंद समझा जाता है। आयुष्मान का अपना अलग दर्शक वर्ग है, जो उनकी फिल्मों को देखने के लिए थिएटर्स तक जाता है और रकम भी खर्च करता है।

छोटे शहर और कस्बों की गैर पारम्परिक कहानियों के नायक आयुष्मान अपनी फिल्मों के जरिए मनोरंजन के साथ पते की बात भी कहते हैं। कॉमेडी के रंग में रंगी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर भी असर छोड़ती हैं।

हालांकि, पोस्ट कोविड पीरियड में आयुष्मान को लगातार 4 झटके लगे। उनकी फिल्में लगातार फ्लॉप रहीं। मगर, अब एक बार फिर आयुष्मान बॉक्स ऑफिस पर लौट आये हैं और इस बार 100 करोड़ की हैट्रिक लगाने से कुछ दूर हैं।

2018 से 2019 तक छाये रहे आयुष्मान खुराना

2018 से 2019 का समय आयुष्मान के करियर के लिए बेस्ट रहा है। इस कालखंड में उन्होंने अपने करियर की सबसे कामयाबी फिल्में दी हैं। अंधाधुन, बधाई हो और ड्रीम गर्ल सुपरहिट रही थीं। बाला हिट रही, जबकि आर्टिकल 15 सेमी हिट रही।

इसके बाद कोविड की महामारी शुरू हो गई और बदले हुए वक्त में आयुष्मान के करियर का रुख भी बदल गया। 2020 से 2022 तक उन्होंने 4 फ्लॉप फिल्में- चंडीगढ़ करे आशिकी, अनेक, डॉक्टर जी और एन एक्शन हीरो- दी थीं।

यह भी पढ़ें: Ayushmann Khurrana Movies: यशराज-पोशम पा की पहली फिल्म के साथ आयुष्मान की 8 साल बाद YRF में वापसी

ड्रीम गर्ल 2 और थामा ने किया 100 करोड़ का कारोबार

आयुष्मान की पिछली फिल्म थामा हॉरर कॉमेडी थी, जिसमें उन्होंने वैम्पायर का किरदार निभाया था। दिनेश विजन के हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स की इस फिल्म को दर्शकों ने पसंद किया और फिल्म ने 124 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। 2025 में फिल्म को औसत का दर्जा मिला।

इससे पहले 2024 में ड्रीम गर्ल 2 में उन्होंने ड्रैग क्वीन का रोल किया। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 105 करोड़ कलेक्शन किया था और हिट रही।

क्या पति पत्नी और वो दो करेगी 100 करोड़ का व्यापार?

अब कॉमेडी ड्रामा पति पत्नी और वो दो 15 मई थिएटर्स में रिलीज हो रही है। आयुष्मान के पास 100 करोड़ की हैट्रिक लगाने का शानदार मौका है। पति पत्नी और वो दो एक सफल फ्रेंचाइजी है, जिसकी पहली फिल्म में कार्तिक आर्यन ने लीड रोल निभाया था।

फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता का फायदा आयुष्मान की फिल्म को मिल सकता है। वहीं, बॉक्स ऑफिस पर उनका रिकॉर्ड भी दर्शकों को प्रेरित करेगा कि फिल्म थिएटर्स में देखने जाएं।

पिछले कुछ वक्त से बॉक्स ऑफिस पर एक्शन या हॉरर कॉमेडी फिल्मों का बोलबाला है। ऐसे में एक पारिवारिक हल्की-फुल्की कॉमेडी फिल्म दर्शकों को आकर्षित कर सकती है। पति पत्नी और वो दो का निर्देशन मुदस्सर अजीज ने किया है। फिल्म में सारा अली खान, रकुल प्रीत और वामिका गब्बी फीमेल लीड हैं।