पहले दिन निकली ‘जय हो’ की हवा, दर्शकों ने ठुकराया

jai_ho_postersमुंबई : सलमान ख़ान की लेटेस्ट रिलीज़ ‘जय हो’ की पहले दिन हवा निकल गई है। सलमान स्टारर इस फ़िल्म को दर्शकों ने ठुकरा दिया है। उम्मीदों के उलट फ़िल्म ने सिर्फ़ ₹17.5 करोड़ का कलेक्शन किया है, जो सलमान के स्टारडम और पिछली क़ामयाबियों को देखते हुए बहुत कम है।

शुक्रवार को रिलीज़ हुई फ़िल्म को क्रिटिक्स के मिले-जुले रिव्यूज़ मिले, पर माना जा रहा था, कि सलमान ख़ान के सुपर स्टारडम से आकर्षित होकर भीड़ थिएटर्स में दौड़ पड़ेगी, और ‘धूम 3’ का पहले दिन का रिकॉर्ड ध्वस्त हो जाएगा, पर ऐसा कुछ नहीं हुआ। लेकिन ‘धूम 3’ तो छोड़िए, सलमान अपना रिकॉर्ड भी ना तोड़ सके।

‘जय हो’ को साधारण ओपनिंग मिली है, जैसी अमूमन किसी बड़े स्टार की फ़िल्म को मिलती है। उसमें एक्स्ट्राऑर्डिनरी कुछ भी नहीं है। ग़ौर करने वाली बात ये है, कि सलमान की ये फ़िल्म एक साल बाद आई है। उनकी आख़िरी रिलीज़ है 2012 की फ़िल्म ‘दबंग 2’।

उसी साल आई थी ‘एक था टाइगर’, जिसने ₹32.92 करोड़ की ओपनिंग ली थी, जो ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ की रिलीज़ तक हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनिंग थी।

2013 में 3500 स्क्रींस पर रिलीज़ हुई ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ ने पहले दिन ₹33.10 करोड़ का कलेक्शन किया था। इसके बाद दिसंबर में 4500 स्क्रींस पर रिलीज़ हुई ‘धूम 3’ ने ₹36.22 करोड़ की ओपनिंग ली थी। कलेक्शंस बढ़ाने के लिए इन फ़िल्मों के टिकिट्स के रेट बढ़ाए गए थे, जबकि ‘जय हो’ की स्क्रींस बढ़ाई गईं, ताकि टिकिट्स के रेट ना बढ़ाने पड़ें। फ़िल्म को 5000 स्क्रींस पर रिलीज़ किया गया है। ‘जय हो’ को डायरेक्ट किया है सलमान के छोटे भाई सोहेल ख़ान ने।