Bharat Box Office: ओपनिंग वीकेंड में 150 करोड़ की ओर दौड़ रही सलमान ख़ान की ‘भारत’

शायोनी गुप्ता, मुंबई। सलमान ख़ान की फ़िल्म भारत बॉक्स ऑफ़िस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। चार दिनों में ही भारत ने सलमान की फ़िल्म ट्यूबलाइट के लाइफ़ टाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है।

भारत 5 जून को ईद के मौक़े पर देश में 4700 और विदेशो में 1300 स्क्रींस पर रिलीज़ की गयी थी। भारत ने धमाकेदार शुरुआत करते हुए बुधवार को 42.30 करोड़ का कलेक्शन किया। दूसरे दिन गुरुवार को भारत ने 31 करोड़ बटोरे, वहीं तीसरे दिन यानि शुक्रवार को भारत 22.20 करोड़ ही जमा कर सकी। शनिवार को कलेक्शंस में उछाल आया और 26.70 करोड़ बटोर लिये, जिसे मिलाकर रिलीज़ के 4 दिनों में फ़िल्म ने 122.20 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। इसके साथ ही फ़िल्म ट्यूबलाइट से आगे निकल गयी है, जिसने 121.25 करोड़ का लाइफ़ टाइम कलेक्शन किया था। इस फ़िल्म की असफलता सलमान ख़ान आज भी नहीं भूले हैं और अक्सर इसे याद करते हैं।

बहरहाल, 100 करोड़ क्लब में पहुंचने वाली भारत, सलमान की 14वीं फ़िल्म है। इन चौदह में से सलमान की 5 फ़िल्में ऐसी हैं, जिन्होंने 3 दिनों में 100 करोड़ का कलेक्शन किया है- टाइगर ज़िंदा है, बजरंगी भाईजान, सुल्तान, प्रेम रतन धन पायो और रेस 3।

5 दिन लम्बे ओपनिंग वीकेंड में भारत को अगर 150 करोड़ का कलेक्शन करना है तो रविवार को इसे 27.80 करोड़ का कलेक्शन करना होगा। शनिवार की कमाई देखते हुए यह आंकड़ा असंभव नहीं लगता। पूरी उम्मीद है कि रविवार की कमाई के बाद भारत 150 करोड़ पार कर चुकी होगी।

अली अब्बास ज़फ़र निर्देशित भारत साउथ कोरियन फ़िल्म ओडे टू माय फादर का आधिकारिक रीमेक है। फ़िल्म में सलमान ख़ान के किरदार भारत की ज़र्नी दिखायी गयी है। साथ ही देश में होने वाली प्रमुख राजनीतिक घटनाएं भारत की अपनी यात्रा के समानांतर चलती हैं। कटरीना कैफ़, जैकी श्रॉफ, दिशा पाटनी, सुनील ग्रोवर, तब्बू, सतीश कौशिक ने अहम किरदार निभाये हैं।