Bharat Box Office: दूसरे दिन ‘भारत’ का तहलका, 2 दिनों में फ़िल्म ने कमा लिए इतने करोड़

मनोज शर्मा, मुंबई। सलमान ख़ान की भारत ने बॉक्स ऑफ़िस पर शानदार शुरुआत करते हुए रिलीज़ के दो दिनों में 73 करोड़ से अधिक रकम जमा कर ली है। माना जा रहा है भारत 3 दिनों में 100 करोड़ का पड़ाव आसानी से पार कर लेगी।

बुधवार को ईद पर रिलीज़ भारत ने धमाकेदार शुरुआत करते हुए 42.30 करोड़ का कलेक्शन पहले दिन किया था। यह सलमान ख़ान के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग है और इस कामयाबी से दबंग ख़ान भी गदगद नज़र आये। सलमान ने बाकायदा ट्वीट करके इतनी बड़ी ओपनिंग देने के लिए फैंस का शुक्रिया अदा किया था। भारत की यह ओपनिंग इसलिए भी मायने रखती है, क्योंकि फ़िल्म का मुक़ाबला भारत-साउथ अफ्रीका के बीच हुए पहले वर्ल्ड कप मैच से था।

बहरहाल, बॉक्स ऑफ़िस पर भारत का तहलका जारी है और रिलीज़ के दूसरे दिन गुरुवार को फ़िल्म ने 31 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया। वर्किंग डे होने की वजह से इस कलेक्शन को शानदार ही कहा जाएगा। रिलीज़ के दो दिनों में भारत 73.30 करोड़ जमा कर चुकी है। 100 करोड़ में पहुंचने के लिए इसे 26.70 करोड़ चाहिए, जो आज (शुक्रवार) मिलने की पूरी सम्भावना है।

भारत को 5 दिन लम्बा ओपनिंग वीकेंड मिली है। उम्मीद है कि ओपनिंग वीकेंड में फ़िल्म 150 करोड़ का आंकड़ा पार कर जाएगी। अली अब्बास ज़फ़र निर्देशित भारत साउथ कोरियन फ़िल्म ओडे टू माय फादर क आधिकारिक रीमेक है। फ़िल्म में सलमान ख़ान के किरदार भारत की ज़र्नी दिखायी गयी है। साथ ही देश में होने वाली प्रमुख राजनीतिक घटनाएं भारत की अपनी यात्रा के समानांतर चलती हैं। कटरीना कैफ़, जैकी श्रॉफ, दिशा पाटनी, सुनील ग्रोवर, तब्बू, सतीश कौशिक ने अहम किरदार निभाये हैं।