किशोर कुमार की पहली पत्नी रूमा गुहा ठाकुरता का निधन, दिलीप कुमार के साथ किया था डेब्यू

मनोज शर्मा, मुंबई। हिंदी सिनेमा के लोकप्रिय गायकों में से एक किशोर कुमार की पहली पत्नी रूमा गुहा ठाकुरता का निधन हो गया है। रूमा गुहा 84 साल की थीं। जानकारी के मुताबिक़, रूमा कोलकाता के बालीगंज इलाक़े में रहती थीं।

रूमा गुहा ने आज सोमवार सुबह को अंतिम सांस ली। अमित कुमार किशोर और रूमा के ही बेटे हैं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी ने रूमा के निधन पर शोक व्यक्त किया। ममता ने लिखा- रूमा गुहा ठाकुरता के निधन से दुखी हूं। सिनेमा और संगीत में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। उनके परिवार और प्रशंसकों को मेरी संवेदनाएं।

रूमा गुहा ठाकुरता बंगाली सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री और गायिका थीं। 1944 की फ़िल्म ज्वार भाटा से उन्होंने हिंदी सिनेमा में करियर शुरू किया था। इस फ़िल्म का निर्देशन अमिय चक्रवर्ती ने किया था। इस फ़िल्म से हिंदी सिनेमा के थेस्पियन दिलीप कुमार ने डेब्यू किया था। किशोर कुमार से उनकी शादी 1950 में हुई थी। 1958 में दोनों अलग हो गये।

Indian Bengali actress and singer, Ruma Guha Thakurta (L) attends the live concert celebrating 50 years of her son, Bollywood play back singer Amit Kumars (R) musical career, in Mumbai on December 9, 2015. AFP PHOTO / AFP / STR (Photo credit should read STR/AFP/Getty Images)

इसके बाद उन्होंने अरूप गुहा ठाकुरता के साथ शादी कर ली थी। दोनों की बेटी श्रोमोना गुहा ठाकुरता बंगाली सिंगर हैं। 2006 में मीरा नायर की अंग्रेजी फ़िल्म द नेमसेक में रूमा आख़िरी बार बड़े पर्दे पर नज़र आयी थीं।