एक ख़बर को लेकर ब्रिटिश वेबसाइट पर भड़कीं प्रियंका चोपड़ा, दी यह नसीहत, पढ़ें पूरा मामला

शायोनी गुप्ता, मुंबई। प्रियंका चोपड़ा को लेकर हाल ही में सोशल मीडिया में यह ख़बर वायरल हो रही थी कि वो अपनी दोस्त मेगन मर्कले और प्रिंस हैरी के नवजात बेटे आर्ची को देखने लंदन गयी थीं, जहां उन्होंने बच्चे को चांदी का एक ख़ास तरह का बाउल गिफ्ट दिया था, जिसकी क़ीमत क़रीब 250 डॉलर बतायी गयी थी। वेस्टर्न मीडिया के हवाले से कई वेबसाइट्स ने इस ख़बर को छापा।

अब प्रियंका ने ट्विटर पर इस ख़बर का खंडन किया है। प्रियंका ने ट्वीट में ब्रिटिश न्यूज़ वेबसाइट द सन की इस रिपोर्ट का लिंक भी नत्थी किया है, जिसमें इस ख़बर को दिया गया था। ख़बर का शीर्षक है- Priyanka Chopra ends Meghan Markle feud rumours by visiting baby Archie यानि बेबी आर्ची से मिलने के बहाने प्रियंका चोपड़ा ने मेगन मर्कले से अपनी अनबन को ख़त्म कर दिया है। प्रियंका ने इसके जवाब में लिखा- हालांकि ये शानदार गिफ्ट आइडिया हैं… पर यह स्टोरी सच नहीं है और मैं शहर में अपने किसी काम से गयी थी। उम्मीद करती हूं जो भी यह ‘सूत्र’ है अपने फैक्ट्स को बार-बार जांचेगा।

प्रियंका भले ही प्रिंस हैरी के बेटे से मिलने ना गयी हों, पर लंदन तो गयी थीं। उनकी लंदन की तस्वीरें सोशल मीडिया में आयी हैं, जिनमें वो पति निक जोनस का हाथ थामे घूमती दिख रही हैं। दोनों हाथों में हाथ डाले एक-दूसरे से मोहब्बत का दम भरते नज़र आ रहे हैं।

प्रियंका सलमान ख़ान की भारत से बॉलीवुड में वापसी करने वाली थीं, लेकिन शादी की वजह से फ़िल्म छोड़ दी थी और उनकी जगह कटरीना कैफ़ की एंट्री हो गयी। अब प्रियंका शोनाली बोस की फ़िल्म Sky Is Pink से लौटेंगी, जिसमें फ़रहान अख़्तर और ज़ायरा वसीम भी मुख्य किरदारों में शामिल हैं।