सुपर 30 का ट्रेलर देखकर जानिए क्या बोले आनंद कुमार, रितिक रोशन ने निभाया है किरदार…

शायोनी गुप्ता, मुंबई। सुपर 30 का ट्रेलर 4 जून को इंटरनेट पर रिलीज़ कर दिया गया। यह पटना की सुपर 30 कोचिंग के संचालक और गणित के टीचर आनंद कुमार की बायोपिक है। आनंद अपनी कहानी ट्रेलर के ज़रिए देखकर इमोशनल हो गये हैं।

आनंद ने ट्विटर पर एक तस्वीर पोस्ट की है, जिसमें वो अपने परिवार के सदस्यों के साथ सुपर 30 का ट्रेलर कम्प्यूटर पर देखते नज़र आ रहे हैं। इस फोटो के साथ आनंद ने लिखा है कि फ़िल्म में रितिक रोशन को देखकर लगा ही नहीं कि वो किसी और को देख रहे हैं। उन्हें अपने संघग्ष के दिन याद आ गये। आनंद ने लिखा कि अत्याचारियों का मुक़ाबला करते हुए उन्होंने बच्चों को पढ़ाया था। इसमें उनके भाई ने भी उनका साथ दिया।

यह भी पढ़ें: बड़े सपनों की उड़ान में रितिक रोशन की लम्बी छलांग, देखिए सुपर 30 का ट्रेलर

पटना में चलने वाली सुपर 30 कोचिंग में ग़रीब तबके से आने वाले मेधावी विद्यार्थियों को आईआईटी की प्रवेश परीक्षा की तैयारी करवाई जाती है। इसके लिए विद्यार्थियों का चयन टेस्ट के ज़रिए किया जाता है और उन्हें मुफ़्त पढ़ाया जाता है। सुपर 30 का परिणाम शत-प्रतिशत रहता है। हालांकि, आनंद कुमार के दावे विवादित भी रहे हैं। उन पर बढ़ा-चढ़ाकर बोलने के आरोप लगते रहे हैं। इसीलिए शुरुआत में पूरी तरह बायोपिक के तौर पर प्रचारित की गयी फ़िल्म को बाद में प्रेरित कहा जाने लगा।

सुपर 30 को विकास बहल ने डायरेक्ट किया है। ट्रेलर को मिलीजुली प्रतिक्रिया मिली है। कई लोगों ने रितिक के लुक और लहज़े पर सवाल उठाये हैं। फ़िल्म 12 जुलाई को रिलीज़ होगी। मृणाल ठाकुर, पंकज त्रिपाठी, आदित्य श्रीवास्तव मुख्य किरदारों में नज़र आएंगे।