मुंबई। The Kerala Story 2 Goes Beyond Court Case: विपुल अमृतलाल शाह निर्मित फिल्म द केरल स्टोरी 2 गोज बियॉन्ड की रिलीज पर केरल हाई कोर्ट ने रोक लगा दी है। उच्च न्यायालय ने माना कि फिल्म साम्प्रदायिक सद्भाव को नुकसान पहुंचा सकती है। अदालत ने फिल्म पुनरीक्षण समिति को भेजने के निर्देश केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड यानी सेंसर बोर्ड को दिये हैं।
द केरल स्टोरी 2 शुक्रवार (27 फरवरी) को रिलीज होने वाली थी। फिल्म के खिलाफ केरल हाई कोर्ट में तीन याचिकाएं दाखिल की गई थीं, जिनमें फिल्म के शीर्षक और विषय को लेकर आपत्ति दर्ज करवाई गई थी। याचिकाकर्ताओं ने फिल्म का शीर्षक बदलने और इसकी रिलीज पर रोक लगाने की मांग की थी।
साम्प्रदायिक सद्भाव के लिए खतरा है फिल्म
मामले की सुनवाई जस्टिस बेचू कुरियन थॉमस की एकल पीठ में चल रही थी। लाइव लॉ के मुताबिक, गुरुवार को जस्टिस थॉमस ने अपने आदेश में कहा- प्रथम दृष्ट्या टीजर का कंटेंट ही अपने आप में धारणा बदलने और साम्प्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने के लिए काफी है, जो फिल्म में भी शामिल होगा।
पूरी सम्भावना है कि जो केरल राज्य अपने साम्प्रदायिक सद्भाव और भाईचारे के लिए जाना जाता है, दुनियाभर के दर्शक उसे उन्माद और साम्प्रदायिक भेदभाव के ठिकाने के तौर पर देखने लगेंगे।
न्यायाधीश ने इस बात पर ध्यान दिया कि सेंसर बोर्ड ने फिल्म को प्रमाणित करते समय केंद्र सरकार की गाइलाइंस को पालन नहीं किया, जिनमें ऐसे दृश्यों को ना दिखाने के लिए कहा गया है, जो साम्प्रदायिकता, राष्ट्र के खिलाफ नजरिए और सार्वजनिक शांति की क्षति को बढ़ावा देते हों।
अदालत ने केंद्र सरकार को निर्देश दिये कि एक याचिकाकर्ता द्वारा फिल्म के पुनरीक्षण के लिए सेंसर बोर्ड अध्यक्ष के समक्ष दाखिल की गई याचिका पर विचार करे। सीबीएफसी और निर्माताओं को फिल्म अगले 15 दिनों तक रिलीज ना करने के निर्देश दिये गये हैं।
यह भी पढ़ें: The Kerala Story 2 Court Case: आदेश आने तक जारी ना करें फिल्म के राइट्स, केरल हाई कोर्ट ने निर्माताओं को दिया निर्देश
फिल्म के खिलाफ दायर हैं तीन याचिकाएं
बता दें, द केरल स्टोरी 2 के खिलाफ श्रीदेव नंबूदिरी (जैव वैज्ञानिक), फ्रेडी वी. फ्रांसिस और अतुल रॉय की ओर से याचिकाएं दायर की गई थीं, जिनमें कहा गया था कि केरल में पूर्ण सद्भाव है। फिल्म के शीर्षक और प्रचार सामग्री में राज्य को गलत ढंग से पेश किया गया है।
केरल को लव जिहाद और धार्मिक कट्टरता के केंद्र के रूप में दिखाया गया है, जबकि फिल्म की कहानी गोज बियॉन्ड बताते हुए राज्य से बाहर की घटनाओं पर आधारित है। इससे साम्प्रदायिक सद्भाव बिगड़ सकता हैऔ र केरल के निवासियों की गरिमा को ठेस पहुंचेगी।
याचिकाओं में सीबीएफसी द्वारा फिल्म को U/A सर्टिफिकेट देने पर भी आपत्ति जताई गई थी। उनका कहना है कि इसे ए सर्टिफिकेट मिलना चाहिए।
कथित लव जिहाद की कहानी दिखाती है फिल्म
द केरल स्टोरी 2 गोज बियॉन्ड का निर्देशन कामाख्या नारायण सिंह ने किया है। फिल्म की कहानी ऐसी हिंदू युवतियों को केंद्र में रखकर दिखाई गई है, जो मुस्लिम युवकों के प्यार में फंस जाती हैं और फिर शादी के बाद उन पर धर्म बदलने के लिए दबाव बनाया जाता है।
फिल्म का टीजर और ट्रेलर आने के बाद सोशल मीडिया में इसको लेकर खूब बहस चल रही है। कुछ लोग सपोर्ट में हैं तो कई सारे लोग इसमें दिखाये गये दृश्यों का विरोध कर रहे हैं। फिल्म का मीम्स के जरिए जमकर मजाक उड़ाया जा रहा है। फिल्म 27 फरवरी को रिलीज होने वाली थी।

