श्रद्धांजलि: अभिनेत्री साधना का मुंबई में निधन

मुंबई: साठ और सत्तर के दशक में हिंदी सिनेमा पर राज करने वाली अभिनेत्री साधना का 25 दिसंबर को मुंबई में निधन हो गया। 74 की साधना काफी अर्से से बीमार चल रही थीं।
हिंदी सिनेमा में बहुत कम अभिनेता या अभिनेत्री ऐसे हुए हैं, जिन्होंने अपनी फ़िल्मों में निभाए क़िरदारों से सिने-प्रेमियों की निजी ज़िंदगी को प्रभावित किया है। पर्दे पर इन अभिनेताओं के बात-चीत करने के अंदाज़ से लेकर पहनावा और हेयर स्टाइल आम दर्शक के लिए आधुनिक और फैशनपरस्त होने का पैमाना बन गया। ऐसी ही अभिनेत्रियों में शामिल थीं साधना यानि साधना शिवदसानी।
sadhana
साधना का जन्म 2 सितंबर, 1941 को संयुक्त भारत के शहर कराची में हुआ था। साधना ने जाने-माने फिल्म निर्देशक आरके नैयर से शादी की थी। उनके कोई संतान नहीं थी।
60 और 70 के दशक की फ़िल्मों में इस अपने से लगने वाले खूबसूरत चेहरे ने लाखों दिलों को दीवाना बना दिया था। हिंदी सिनेमा की वो पहली अभिनेत्री हैं, जिनके नाम पर शुरू हुआ साधना कट हेयरस्टाइल उस दौर की महिलाओं में खूब मशहूर हुआ।
साधना ने करीब 35 से ज्यादा बॉलीवुड के फिल्मों में काम किया है, और अपनी अदाकारी और हुस्न से बॉलीवुड ने एक बड़ा मुकाम हासिल किया। साधना ने जॉय मुखर्जी, सुनील दत्त, देवानंद जैसे अभिनेताओं के साथ हिट फ़िल्मों में काम किया।
फिल्मी दुनिया को अलविदा कहने बाद उन्हें फिल्म से जुड़े कार्यक्रमों में शारीक होना पसंद नहीं थी। करीना कपूर की मां और बीते ज़माने की दिग्गज अदाकारा बबीता साधना की चचेरी बहन थीं।