Movies in Cinemas in June 2026: क्या ब्लॉकबस्टर रहेगा ‘फर्स्ट हाफ’ का क्लाइमैक्स? जून में रिलीज हो रहीं ये 12 फिल्में

Movies releasing in cinemas in June 2026. Photo- X

मुंबई। Movies in Cinemas in June: साल 2026 की पहली छमाही फिल्म इंडस्ट्री के लिए कुछ खास नहीं रही। जनवरी से अब तक जितनी भी फिल्में रिलीज हुईं, ज्यादातर ने बॉक्स ऑफिस पर निराश ही किया। पहली छमाही में धुरंधर द रिवेंज ने 1100 करोड़ से अधिक नेट कलेक्शन करके इंडस्ट्री को ढहने से बचा लिया, मगर एक फिल्म से क्या होता है।

इसके अलावा बॉर्डर 2 और भूत बंगला ने बॉक्स ऑफिस को संभाला। पहली छमाही में ऐसी फिल्मों की लम्बी लाइन है, जिनके कलेक्शंस 50 करोड़ तक भी नहीं पहुंच सके। ऐसे में अब सबकी नजरें जून पर टिकी हैं, जिसमें कई मोस्ट अवेटेड फिल्में आने वाली हैं।

इनमें हिंदी के साथ दक्षिण भारत और हॉलीवुड की कई चर्चित फिल्में शामिल हैं। उम्मीद की जा रही है कि जून बॉक्स ऑफिस के लिए बेहतरीन महीना साबित होगा और पहली छमाही की एंडिंग जोरदार होगी। हालांकि, सही तस्वीर तो फिल्मों की रिलीज के बाद ही सामने आएगी।

दिलचस्प पहलू यह है कि जून में रिलीज हो रहीं ज्यादातर फिल्में फ्रेंचाइजी या सीक्वल्स हैं।

पेद्दी (Peddi)

रिलीज डेट: 4 जून

यह हाइली एंटिसिपेटेड तेलुगु फिल्म है, जिसमें राम चरण और जाह्नवी कपूर लीड रोल्स में हैं। बुची बाबू सना निर्देशित इस स्पोर्ट्स पीरियड ड्रामा फिल्म से दिव्येंदु तेलुगु डेब्यू कर रहे हैं। फिल्म पैन इंडिया रिलीज होगी और इससे बड़े कलेक्शन की उम्मीद है।

है जवानी तो इश्क होना है (Hai Jawani Toh Ishq Hona Hai)

रिलीज डेट: 5 जून

बॉलीवुड की कॉमेडी फिल्मों के नम्बर वन डायरेक्टर डेविड धवन की यह आखिरी फिल्म है। इस फिल्म के बाद उन्होंने संन्यास की घोषणा कर दी है। जून की यह बड़ी फिल्मों में शामिल है। वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े फिल्म की हीरोइन हैं। इस फिल्म का निर्माण टिप्स फिल्म्स ने किया है। प्रोड्यूसर वाशु भगवानी से कानूनी लड़ाई के चलते यह फिल्म विवादों में रही थी।

बंदर (Bandar)

रिलीज डेट: 5 जून

अनुराग कश्यप निर्देशित फिल्म में बॉबी देओल लीड रोल में हैं। अनुराग और बॉबी, दो अलग धाराओं के निर्देशक और कलाकार हैं। इसलिए, इस फिल्म को लेकर लोगों में काफी उत्सुकता है। बंदर ग्लैमर की दुनिया के अंधेरे को दिखाने वाली फिल्म है।

ही-मैन एंड द मास्टर्स ऑफ द यूनिवर्स (He-Man and The Masters Of The Universe )

रिलीज डेट: 5 जून

हॉलीवुड फिल्म अस्सी के दौर के लोकप्रिय सुपर हीरो ही-मैन की कहानी को नये तरीके से पेश करेगी। इस फिल्म के हिंदी वर्जन में ही-मैन के किरदार को मीजान जाफरी और विलेन स्केलेटर को जावेद जाफरी ने आवाज दी है। अपनी नॉस्टैलजिक वैल्यू के कारण फिल्म दर्शक खींच सकती है।

यह भी पढ़े: He-Man and The Masters of the Universe: ‘ही-मैन’ की आवाज बने मीजान जाफरी, विलेन स्केलेटर को मिली जावेद की वॉइस

स्कैरी मूवी 6 (Scary Movie 6)

रिलीज डेट: 5 जून

हॉलीवुड पैरोडी फ्रेंचाइजी की छठी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर गर्मी के मौसम में कॉमेडी और हॉरर का तड़का लगाएगी। यह 2013 में आई स्कैरी मूवी 5 का सीक्वल है।

मैं वापस आऊंगा (Man Vaapas Aaunga)

रिलीज डेट: 12 जून

इम्तियाज अली निर्देशित फिल्म लव स्टोरी है, जो कई पीढ़ियों का सफर करती है। फिल्म में नसीरुद्दीन शाह, दिलजीत दोसांझ, वेदांत रैना और शरवरी ने प्रमुख किरदार निभाये हैं। इम्तियाज अली की प्रेम कहानियों की गहराई और संगीत इसे खास बनाता है।

गवर्नर (Governor)

रिलीज डेट: 12 जून

मनोज बाजपेयी अभिनीत फिल्म का इंतजार उनके अभिनय के लिए है। यह सच्ची घटनाओं से प्रेरित फिल्म है, जिसमें मनोज एक बैंक गवर्नर के रोल में हैं, जो देश को आर्थिक मुश्किलों से बाहर निकालता है। इसका निर्देशन चिन्मय मांडलेकर ने किया है। भारत में किसी बैंक गवर्नर को केंद्र में रखकर बनाई जाने वाली यह पहली फिल्म है।

भारत भाग्य विधाता (Bharat Bhagya Vidhata)

रिलीज डेट: 12 जून

इस फिल्म के साथ बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत बड़े पर्दे पर लौट रही हैं। फिल्म की कहानी मुंबई हमलों के दौरान कामा हॉस्पिटल के अंदर दिखाई गई है, जो आतंकियों के निशाने पर आया था। इस विकट परिस्थिति में कैसे अस्पताल के स्टाफ नर्सेज, वार्ड ब्वॉयज, क्लीनर्स, लिफ्ट ऑपरेटर्स, सुरक्षा कर्मियों और प्रशासनिक कर्मचारियों ने 400 लोगों को जिंदा रखा, यह कहानी फिल्म में दिखाई जाएगी। मनोज तपाड़िया ने निर्देशन किया है। फिल्म के बारे में ज्यादा जानकारी के लिए यहां पढ़ें

हॉन्टेड 3डी ईकोज ऑफ द पास्ट (Haunted 3D- Ecos Of The Past)

रिलीज डेट: 12 जून

इस हॉरर फिल्म का निर्देशन विक्रम भट्ट ने किया है, जबकि निर्माता आनंद पंडित हैं। फिल्म में मिमोह चक्रवर्ती और चेतना पांडे मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह विक्रम की हॉन्टेड फ्रेंचाइजी की अगली फिल्म है।

कॉकटेल 2 (Cocktail 2)

रिलीज डेट: 19 जून

होमी अदजानिया की आइकॉनिक फिल्म कॉकटेल की स्प्रिचुअल सीक्वल कॉकटेल 2 में शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह रोमांटिक ड्रामा फिल्म है, जिसकी स्टार कास्ट इसे देखे जाने की मुख्य वजह है। फिल्म विजुअली काफी दिलचस्प लग रही है।

टॉय स्टोरी 5 (Toy Story 5)

रिलीज डेट: 19 जून

हॉलीवुड की बेहद सफल और लोकप्रिय एनिमेशन एडवेंचर फिल्म सीरीज की यह पांचवीं फिल्म है। इस फिल्म के मुख्य किरदार वुडी को टॉम हैंक्स ने आवाज दी है। गर्मियों की छुट्टियों के मद्देनजर यह फिल्म फैमिली ऑडिएंस और बच्चों के लिए एकदम परफेक्ट है।

वेलकम टू द जंगल (Welcome To The Jungle)

रिलीज डेट: 26 जून

जून की आखिरी बड़ी रिलीज वेलकम टू द जंगल है, जो वेलकम फ्रेंचाइजी की अगली फिल्म है। अहमद खान ने इसका निर्देशन किया है, जबकि फिरोज नाडियाडवाला के साथ अक्षय कुमार ने निर्माण किया है। इस फिल्म की स्टार कास्ट काफी बड़ी है। यह कॉमेडी फिल्म जून की मोस्ट एंटिसिपेटेड फिल्मों में शामिल है।